नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी की पहल से सेमरहवा में पुल की मंजूरी, ग्रामीण उत्साहित

26.82 करोड़ रूपए की लागत से बनेगा सेमरहवा में रोहिन नदी का पुल 

विधायक ऋषि त्रिपाठी ने आज बड़े ही विधि-विधान और मंत्रोचार के बीच किया भूमि पूजन 

सार

नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्मीपुर ब्लाक अंतर्गत रोहिन नदी के सेमरहवा घाट पर वर्षो से लंबित पुल की मांग का शासन द्वारा स्वीकृत मिलने पर नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी ने आज मौके पर पहुंचकर भूमि पूजन कर लोगों को संबोधित किया। इस दौरान भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नौतनवां महराजगंज!जनपद के नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के रोहिन नदी के सेमरहवा घाट पर वर्षो से लंबित पुल की मांग शासन द्वारा स्वीकृत होने पर नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी ने आज मौके पर पहुंचकर भूमि पूजन कर ग्रामीणों को संबोधित किया। इस दौरान भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

प्राप्त समाचार के अनुसार नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के सेमरहवा गांव तक जाने के लिए रोहिन नदी पार कर जाना पड़ता था। जिस पर आजादी के बाद से ही ग्रामीण पुल की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों को इस पार से उस पार आने-जाने में बहुत ही दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में स्थिति इतनी गम्भीर हो जाती है कि जब नदी उफान पर होती है तब एक मात्र नाव के सहारे अपनी जिंदगी को संकट में डालकर बड़े, बूढ़े, बच्चे, महिलाएं नदी को पार करते है। 

इतना ही नहीं गर्भवती महिलाओं व बीमार लोगों को और भी भयानक स्थिति का सामना करना पड़ता है जब गांव तक एंबुलेंस नहीं पहुंच पाता और लोग चारपाई के सहारे मरीज को लादकर नदी पार करते है और मरीज का इलाज करवाने अस्पताल लेकर जाते है।

विधायक ऋषि त्रिपाठी की पहल पर शासन से स्वीकृति मिलने के बाद आज क्षेत्रवासियों मे खुशी की लहर दौड़ पड़ी। ग्रामीणों ने विधायक के लिए स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया। साथ ही आज पुल के निर्माण के लिए भूमि पूजन भी विधायक ने किया। पुरोहित के मंत्रोचार पूजन के बाद ईट रखकर शुभारंभ किया गया।

नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी ने बताया कि जब वो 2022 में जनता के आशीर्वाद से चुन कर आये तब से ही उनके संज्ञान में ये समस्या थी। उन्होंने सदन में भी यह मुद्दा प्रमुखता के साथ उठाया साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से क्षेत्र की इस गंभीर समस्या से कई बार अवगत कराया। जिसके परिणाम स्वरूप उनके आशीर्वाद से शासन से सेमरहवा घाट पर पुल की स्वीकृति शासन से मिल गई। जल्द ही निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *