मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज/नौतनवा। नौतनवा में कथित पुलिस उत्पीड़न के मामले में रविवार को नौतनवा थाने में पुलिस और पीड़ित पक्ष के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया। इसके बाद 13 जुलाई को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया।

भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यकारिणी सदस्य जितेंद्र जायसवाल द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 6 जुलाई 2026 की रात मोहम्मद समल के साथ कथित मारपीट के मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक महराजगंज को संबोधित ज्ञापन क्षेत्राधिकारी नौतनवा के माध्यम से सौंपा गया था। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि 12 जुलाई तक न्याय नहीं मिलने पर 13 जुलाई को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रेस नोट के मुताबिक, रविवार को नौतनवा थाने में पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिंह की मौजूदगी में पुलिस और पीड़ित पक्ष के बीच वार्ता हुई, जिसमें दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद का निस्तारण कर लिया। साथ ही पीड़ित के इलाज की व्यवस्था कराने पर भी सहमति बनी।
प्रेस नोट में कहा गया है कि समझौता होने और पीड़ित पक्ष के संतुष्ट होने के बाद 13 जुलाई को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया है।
थाने में उस समय माहौल गर्म हो गया, जब मामले के निस्तारण के दौरान प्रभारी निरीक्षक (एसओ) अभिषेक सिंह द्वारा कथित रूप से एक व्यक्ति विशेष का नाम लेकर मामला “मैनेज” कराने की बात कही गई। इस पर मौके पर मौजूद द इंडिया एक्सप्रेस न्यूज़ के डायरेक्टर मनोज कुमार त्रिपाठी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जब पीड़ित पक्ष स्वयं थाने में मौजूद है और दोनों पक्ष बातचीत के लिए उपस्थित हैं, तो किसी तीसरे व्यक्ति की भूमिका उचित नहीं है। उनका कहना था कि यदि किसी प्रकार का हर्जाना, मुआवजा या समझौता होना है, तो वह सीधे पीड़ित पक्ष के साथ होना चाहिए, न कि किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से। इस मुद्दे को लेकर कुछ देर तक थाने में बहस और गहमा-गहमी का माहौल रहा। बाद में क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह और प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिंह की मौजूदगी में वार्ता आगे बढ़ी तथा पुलिस और पीड़ित पक्ष के बीच आपसी सहमति से सुलह-समझौता हो गया, जिसके बाद मामला शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया।