पंच सम्मेलन में विधायक ऋषि त्रिपाठी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, गांवों तक योजनाओं की पहुंच पर दिया जोर

मनोज कुमार त्रिपाठी 

नौतनवा। विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम 2025 को लेकर सोमवार को नौतनवा विकासखंड सभागार में पंच सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, लेखपालों और ग्राम पंचायत सचिवों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गांव, गरीब और आमजन के हित में लगातार काम कर रही है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में 125 दिन रोजगार की गारंटी की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में भी सड़क, बिजली, पानी, रोजगार समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज गांव का आम नागरिक विकास की बात कर रहा है और बिना किसी डर-भय के अपनी बात रखने में सक्षम है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि पहले चुनाव के समय झूठे वादों के जरिए जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जाता था, लेकिन अब जनता सरकार के काम और विकास कार्यों को देखकर अपना निर्णय ले रही है।

सम्मेलन के विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी, महराजगंज रहे। कार्यक्रम की शुरुआत से पहले विधायक ऋषि त्रिपाठी का बुके भेंट कर स्वागत किया गया। नौतनवा विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया का भी बुके देकर स्वागत किया गया, जबकि वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप पांडे का फूल-माला पहनाकर अभिनंदन किया गया।

सम्मेलन में ग्राम प्रधान बैजनाथ यादव, संजय यादव, विनय पांडे समेत बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य, लेखपाल और ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीण विकास एवं सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को और गति देने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *