पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, नकल और सॉल्वर गैंग पर रहेगी कड़ी नजर

मनोज कुमार त्रिपाठी/उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज!

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली आरक्षी नागरिक पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने संयुक्त रूप से की। बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा प्रबंधों तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन वातावरण सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए जाएं तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाए। परीक्षा संचालन में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा के दौरान सॉल्वर गैंग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग और अन्य अवैध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार सतर्क रहेंगी ताकि परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।

अधिकारियों ने कहा कि शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भर्ती परीक्षा को पूरी निष्पक्षता और कड़ाई के साथ संपन्न कराया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। प्रशासन की इस तैयारी को देखते हुए स्पष्ट है कि भर्ती परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल या अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *