सीबीआई जांच, ₹5 करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी की उठाई मांग
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल शनिवार को सिसवा बाजार पहुंचकर दिवंगत युवा वैज्ञानिक एवं ड्रोन इनोवेटर राहुल सिंह के परिजनों से उनके आवास पर मिले।
उन्होंने राहुल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिवार को सांत्वना दी और हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
बता दें कि वर्ष 2022 में सिसवा विधानसभा से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रहे सुशील कुमार टिबड़ेवाल, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि के रूप में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने राहुल के पिता संजय सिंह और बड़े भाई रोहित सिंह से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान पिता संजय सिंह भावुक होकर रो पड़े, जिन्हें पूर्व मंत्री ने ढांढस बंधाया।

पूर्व मंत्री ने कहा कि राहुल सिंह एक प्रतिभाशाली युवा वैज्ञानिक थे, जिन्होंने अपने नवाचारों से महराजगंज ही नहीं बल्कि प्रदेश और देश का नाम रोशन किया। ऐसे होनहार युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत कई गंभीर सवाल खड़े करती है और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
टिबड़ेवाल ने उत्तर प्रदेश सरकार से रखी तीन प्रमुख मांग
पत्रकारों से बातचीत में सुशील कुमार
टिबड़ेवाल ने उत्तर प्रदेश सरकार से पूरे मामले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराने,पीड़ित परिवार को ₹5 करोड़ का आर्थिक सहायता दिए जाने और
परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में सरकार विफल रही है और मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र जांच आवश्यक है।
विधानसभा में उठेगा मामला
पूर्व मंत्री ने बताया कि पूरे प्रकरण से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले को उत्तर प्रदेश विधानसभा में प्रमुखता से उठाएगी। साथ ही यह भी कहा कि यदि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो राहुल सिंह प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, प्रवीन कुमार सिंह, प्रमोद शर्मा, संजय यादव, शैलेश अग्रवाल, जाफर अली, भोला यादव, अभिनंदन पांडेय, घनश्याम मौर्य, अमजद अली, गुड्डू पांडेय, अमरनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।