पीपीगंज पुलिस और पोस्ट मास्टर जांच में जुटे, एजेंट पर गंभीर आरोप
मनोज कुमार त्रिपाठी
संवाद सूत्र/पीपीगंज। पीपीगंज नगर पंचायत क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस एजेंट पर एक ही नाम से फर्जी खाता खोलकर लाखों रुपये हड़पने का गंभीर आरोप सामने आया है। वार्ड नंबर दो हनुमान नगर निवासी महिला मीना देवी ने इस संबंध में पीपीगंज पुलिस और पीपीगंज पोस्ट ऑफिस के पोस्ट मास्टर को लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की है।

पीड़िता मीना गुप्ता के अनुसार, उनका पोस्ट ऑफिस पीपीगंज में खाता संख्या 7752059651 है। आरोप है कि 7 फरवरी 2026 को उनके खाते से 2 लाख रुपये निकालकर पोस्ट ऑफिस एजेंट सतीश कुमार ने मीना (तिघरा गांव निवासी) के नाम से 12 माह के लिए फिक्स जमा करा दिया। जब मीना देवी अपने खाते से रुपये निकालने पहुंचीं तो उन्हें इस कथित धोखाधड़ी की जानकारी हुई।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 28 मार्च 2026 को खाते से 20 हजार रुपये की निकासी की गई, जबकि फरवरी माह में 21 हजार रुपये भी खाते से निकाले गए। पीड़िता का कहना है कि यह पूरा खेल पोस्ट ऑफिस एजेंट और अन्य कर्मचारियों की मिलीभगत से किया गया है, जिसमें उनके नाम से मिलते-जुलते नाम की महिला का खाता खोलकर रकम हड़पी गई।
इस मामले में पीपीगंज पोस्ट ऑफिस के पोस्ट मास्टर विक्रम सिंह ने बताया कि पीड़िता का प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीपीगंज पुलिस भी मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।