उमेश चन्द्र त्रिपाठी/कृष्ण कांत त्रिपाठी
लखनऊ! यौन उत्पीड़न मामले में अदालत से बरी होने के बाद पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) अध्यक्ष और बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह गुरुवार को पहली बार अपने गृह जिले गोंडा पहुंचे। उनके आगमन को लेकर समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अयोध्या एयरपोर्ट से लेकर गोंडा तक उनके स्वागत के लिए जगह-जगह तैयारियां की गई थीं।
बृजभूषण शरण सिंह चार्टर्ड विमान से अयोध्या अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर पहुंचते ही समर्थकों ने उनका अभिनंदन किया और पूरे माहौल में उत्साह नजर आया।
अयोध्या से गोंडा तक बृजभूषण शरण सिंह का काफिला चर्चा का विषय बना रहा। रास्ते में हजारों समर्थक सड़क किनारे खड़े होकर उनका स्वागत करते नजर आए। कई जगहों पर जेसीबी मशीनों की मदद से फूल बरसाए गए।
इस दौरान समर्थकों ने जमकर नारे लगाए। ‘शेर आया,शेर आया, के नारों के साथ पूरा इलाका गूंज उठा। कई जगह आतिशबाजी भी की गई और बड़ी संख्या में वाहन उनके काफिले में शामिल रहे। पूरा रास्ता एक बड़े जुलूस जैसा दिखाई दिया।
बता दें कि बृजभूषण शरण सिंह बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल रहे हैं और वह गोंडा की कैसरगंज लोकसभा सीट से सांसद भी रह चुके हैं। उनके स्वागत कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए।
गोंडा पहुंचने से पहले पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह अयोध्या पहुंचे। जहां उन्होंने हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन किए और संतों-महंतों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके साथ समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद रही।
उनके बड़े बेटे और गोंडा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह भी इस दौरान साथ रहे। प्रतीक भूषण सिंह वाहन की सनरूफ से बाहर निकलकर हाथ में गदा लिए नजर आए। उन्होंने कहा कि यह सच की जीत है। उनके इस बयान के बाद समर्थकों ने भी जोरदार नारे लगाए।
हनुमानगढ़ी दर्शन के बाद बृजभूषण शरण सिंह नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचे, जहां ‘सत्यमेव जयते’ नाम से विशाल रैली का आयोजन किया गया था। रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की व्यवस्था की गई थी। आयोजन स्थल पर समर्थकों की भीड़ लगातार बढ़ती रही। रैली से पहले उन्होंने नंदिनी गौमाता मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
कार्यक्रम के दौरान लोगों के लिए सामुदायिक भोज की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा स्वागत के लिए बड़ी मात्रा में मिठाइयां भी तैयार कराई गई थीं। आयोजन को खास बनाने के लिए अयोध्या से बड़ी संख्या में बटुकों को भी आमंत्रित किया गया था।
बृजभूषण शरण सिंह के स्वागत कार्यक्रम में सुबह से ही समर्थकों की भारी मौजूदगी रही। एयरपोर्ट से लेकर मंदिर और फिर रैली स्थल तक हर जगह उनका जोरदार स्वागत किया गया।