बाबा धाम से लौटते समय स्कार्पियो पलटी, पूर्व फौजी की मौत

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! बाबा धाम से दर्शन कर लौट रहे दो परिवारों की स्कार्पियो मंगलवार की सुबह घर से करीब 20 किलोमीटर पहले अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन चला रहे पूर्व सैनिक संतोष कुमार वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। इस हादसे के बाद कोहराम मच गया।

घटना भिटौली थाना क्षेत्र के पिपरा खादर के आगे भैंसा नहर मार्ग के पास मंगलवार तड़के सुबह हुई। दुर्घटना में रामदयाल वर्मा और उनकी पत्नी निर्मला गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत नाजुक देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। 

मृतक संतोष कुमार वर्मा भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे और वर्तमान में भिटौली विद्युत उपकेंद्र पर गार्ड के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह स्वयं स्कार्पियो चला रहे थे, तभी अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मृतक की पत्नी सुमन और दो पुत्र सौरभ कुमार वर्मा (16 वर्ष) व गौरव (8 वर्ष) हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

दूसरे परिवार के सदस्य जितेन्द्र अपनी पत्नी रागिनी, माता निर्मला, पिता राम दयाल और ढाई वर्षीय बेटी के साथ यात्रा पर थे। हादसे में उनके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। 

इस संबंध में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि मंगलवार सुबह सड़क किनारे स्कार्पियो पलटी मिली। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों का इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *