तेज बारिश और हवाओं के बीच बरगदवा में पेड़ गिरने से बढ़ी परेशानी, कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में आज अवकाश
कृष्णकांत त्रिपाठी
गोरखपुर। लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार को गोरखपुर में जनजीवन प्रभावित नजर आया। मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
इसी बीच बरगदवा क्षेत्र में बारिश और तेज हवा के दौरान पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। बिजली बाधित होने के कारण आसपास के इलाके में पानी की सप्लाई भी प्रभावित होने की सूचना है। इससे स्थानीय लोगों को बिजली और पानी दोनों की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, लगातार खराब मौसम और भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा के आदेश पर 26 सितंबर को गोरखपुर जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह की ओर से जारी निर्देश सभी राजकीय, परिषदीय, सीबीएसई, आईसीएसई, मान्यता प्राप्त तथा अन्य बोर्डों के विद्यालयों पर लागू है।
प्रशासन की ओर से विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। खराब मौसम को देखते हुए लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की गई है।
फिलहाल बरगदवा क्षेत्र में पेड़ गिरने से प्रभावित बिजली और पानी की व्यवस्था बहाल होने का इंतजार है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द ही व्यवस्था सामान्य कर देंगे।
