उमेश चन्द्र त्रिपाठी
महराजगंज! महराजगंज जनपद की कोतवाली पुलिस ने तांत्रिक की हत्या कर शव ठिकाने लगाने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गोरखपुर जनपद के सहजनवां थाना क्षेत्र के केशवपुर वार्ड नंबर-16 निवासी राघवेन्द्र सिंह उर्फ जेलर ने 1 जून 2025 को महराजगंज के पिपरा रसूलपुर निवासी रमाकांत चौहान की हत्या कर दी थी। रमाकांत चौहान झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का काम करता था और अक्सर आरोपी के घर पूजा-पाठ के लिए आता-जाता था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने के बाद उसे शक हुआ कि तांत्रिक रमाकांत ने तंत्र-मंत्र कर दिया था।
इसी शक के चलते उसने बदला लेने की योजना बनाई। 1 जून 2025 को आरोपी रमाकांत को पूजा-पाठ के बहाने अपनी कार से सहजनवां की ओर ले गया और रास्ते में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बाद में सुनसान स्थान पर लोहे की पाइप से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी शव को कार में रखकर बस्ती जनपद के एक सुनसान लिंक मार्ग पर ले गया और सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया। जब मृतक के परिजन उसके बारे में पूछने पहुंचे तो आरोपी उन्हें गुमराह करता रहा और बाद में दिल्ली भाग गया। मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर कोतवाली महराजगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के दौरान कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार, उपनिरीक्षक अंजनी कुमार यादव, हेड कांस्टेबल करुणेश सिंह, कांस्टेबल अमित वर्मा व कांस्टेबल अंकित यादव शामिल रहे।