भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की एक टीम ने आज रामग्राम स्तूप का किया अवलोकन 

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज, 10 जुलाई 2026, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की एक उच्चस्तरीय टीम ने ऐतिहासिक रामग्राम स्तूप का प्राथमिक सर्वे कर द्वितीय चरण के उत्खनन का खाका खींच लिया है।           

अधीक्षण सर्वेक्षक श्री राजेंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में आई 5 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने उत्खनन स्थल का विस्तृत अवलोकन किया। इस दौरान टीम ने प्रथम चरण में हुई खुदाई वाले स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया और आगे की रणनीति तैयार की।

पुरातत्व विभाग की टीम ने द्वितीय चरण की खुदाई के लिए 50×50 मीटर के क्षेत्रफल को चिन्हित किया है। इस निर्धारित क्षेत्र में मुख्य टीले के साथ-साथ सतह पर स्थित छोटे टीले भी शामिल हैं। 

एएसआई के इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य उत्खनन स्थल की वर्तमान स्थिति को देखना, खुदाई का सटीक क्षेत्र तय करना और उत्खनन की दिशा व प्रकार का निर्धारण करना था। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण सर्वेक्षक ने टीम के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

इस प्राथमिक सर्वे से पूर्व पुरातत्व विभाग की टीम ने जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल से शिष्टाचार मुलाकात की। टीम लीडर और अधीक्षण सर्वेक्षक श्री राजेंद्र कुमार यादव ने जिलाधिकारी महोदय को प्रथम चरण के उत्खनन से प्राप्त महत्वपूर्ण नतीजों और ऐतिहासिक साक्ष्यों से अवगत कराया। इसके साथ ही उन्होंने दूसरे चरण की आगामी प्रक्रिया की रूपरेखा साझा करते हुए जिला प्रशासन से आवश्यक सहयोग का अनुरोध किया।

जिलाधिकारी महोदय ने एएसआई की टीम को हर संभव प्रशासनिक और स्थानीय सहयोग का पूरा भरोसा देते हुए निर्देश दिया कि दूसरे चरण का उत्खनन कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाए। 

अधीक्षण सर्वेक्षक ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि सर्दियों के आरंभ होते ही धरातल पर उत्खनन का कार्य विधिवत शुरू कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी महोदय ने जिला सूचना अधिकारी को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने और एएसआई की टीम को सभी जरूरी सुविधाएं व सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया।

सर्वे में उप अधीक्षण पुरातत्व अभियंता दिलीप कुमार, सहायक अधीक्षण पुरातत्व अभियंता पंकज तिवारी, सहायक अभियंता अखिलेश तिवारी और सर्वेक्षक राम नरेश यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *