भारत-नेपाल के सोनौली सीमा पर मालवाहक ट्रकों का लंबा जाम 

जाम की समस्या को सुलझाने के लिए ट्रैफिक पुलिस तैनात

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महाराजगंज के सोनौली कोतवाली क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर सोनौली से नौतनवां तक मालवाहक ट्रकों का लंबा जाम लगा हुआ है। करीब 10 किलोमीटर तक मालवाहक ट्रकों की लंबी कतार लग गई है। इस स्थिति को देखते हुए सोनौली और नौतनवां पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है।

ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने और लाइन तोड़कर आगे बढ़ने वाले वाहनों को रोकने के लिए कई प्रमुख स्थानों पर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। महुअवा मोड़, कुनसेरवा बाईपास, पहुनी पेट्रोल पंप, एसएसबी रोड और माता बनैलिया मंदिर पर दो-दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। रूट व्यवस्था के लिए पांच पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

सोनौली थाना क्षेत्र में महुअवा चौराहा, बुद्ध चौक, कोतवाली तिराहा और न्यू बाबा लॉज के पास भी पुलिस बल तैनात किया गया है। नौतनवा थाना क्षेत्र के बनैलिया मंदिर चौराहे पर भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर हैं। कुल आठ पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि ट्रकों की आवाजाही व्यवस्थित रहे और आम लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।

क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस लगातार वाहनों की निगरानी कर रही है और किसी भी तरह की अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

सोनौली कोतवाली(थाना) प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि पुलिस की सख्ती का असर दिखना शुरू हो गया है। अब लाइन तोड़कर आगे निकलने की कोशिश करने वाले वाहन चालकों पर रोक लग गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार अब तक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 75 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई है, जिनसे कुल 1,70,500 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *