गिरफ्तार महिला नेपाल से भारत में अवैध रूप से कर रही थी प्रवेश
उमेश चन्द्र त्रिपाठी
सोनौली महराजगंज!भारत-नेपाल सीमा के सोनौली बॉर्डर पर इमीग्रेशन विभाग की टीम ने जांच के दौरान कथित फर्जी भारतीय दस्तावेज रखने के आरोप में थाईलैंड की एक महिला को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद महिला को अग्रिम कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम इमीग्रेशन अधिकारी भारत-नेपाल सीमा पर यात्रियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान नेपाल से भारत में प्रवेश कर रही विदेशी महिला ने पासपोर्ट और वीजा प्रस्तुत किया। उसकी भाषा और बोलचाल को लेकर अधिकारियों को संदेह हुआ। पूछताछ में महिला ने अपना नाम चोन यूतिचिरफ्त और निवासी थाईलैंड बताया।
जांच के दौरान उसके पास से कथित रूप से फर्जी भारतीय दस्तावेज बरामद होने के बाद इमीग्रेशन अधिकारियों ने उसे हिरासत में लेकर सोनौली पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में महिला के कई बार भारत आने और नेपाल के रास्ते वृंदावन व मथुरा जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि थाईलैंड में उसका कपड़ों का कारोबार है।
इस संबंध में सोनौली कोतवाली प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।