भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: लाखों रुपये के कपड़े और लावारिस बाइक बरामद, तस्करी की आशंका

सोनौली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर की कार्रवाई, बरामद सामान को सीमा शुल्क कार्यालय नौतनवा भेजा गया।

मनोज कुमार त्रिपाठी 

सोनौली (महराजगंज): भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनौली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लावारिस हालत में एक मोटरसाइकिल के साथ भारी मात्रा में कपड़ा बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद सामान को अवैध रूप से नेपाल भेजने की तैयारी की जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम शेष फरेन्दा के पश्चिम स्थित एक आम के पेड़ के नीचे तस्करी का सामान रखा गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां से एक लावारिस मोटरसाइकिल, 27 सेट लेडीज सूट-सलवार तथा हरे रंग के सूट के 188 पीस कपड़े बरामद किए गए। पुलिस के पहुंचने से पहले तस्कर मौके से फरार हो गए।

बरामद सामान को सोनौली थाने लाकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए पूरे मामले को सीमा शुल्क (कस्टम) कार्यालय नौतनवा को सौंप दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सामान किसका है और इसे सीमा पार नेपाल भेजने के पीछे कौन लोग शामिल थे।

इस कार्रवाई में कांस्टेबल सुरेश सिंह, बृजेश कुमार, गुलशन यादव सहित सोनौली पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *