अशोक कुमार पांडे / मनोज कुमार त्रिपाठी
मटरा (निचलौल)। थाना निचलौल क्षेत्र की शीतलपुर चौकी पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मटरा गांव के पास सीमा स्तंभ संख्या 501 से 230 बोतल नेपाली शराब बरामद की है। इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर शीतलपुर चौकी पुलिस द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसके कब्जे से 230 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सूरज तिवारी, कांस्टेबल संतोष गोंड, कांस्टेबल अजीत यादव, कांस्टेबल विवेक पांडेय, एसआई जीडी रविंद्र तथा एसआई जीडी धनवीर रावत की अहम भूमिका रही।
गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों द्वारा लगातार निगरानी और गश्त बढ़ाई जा रही है।