भारत-नेपाल सीमा पर 55 बोरी यूरिया खाद लावारिस हालत में बरामद

पुलिस, कस्टम और एसएसबी की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महाराजगंज के सोनौली थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर 55 बोरी भारतीय यूरिया खाद जब्त की गई है। 

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चलाए जा रहे तस्करी विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई हुई। पुलिस, सीमा शुल्क विभाग और एसएसबी की एक संयुक्त टीम ने यह खाद बरामद की।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवां बसंत सिंह के निर्देशन में थानाध्यक्ष सोनौली महेंद्र कुमार मिश्र की अगुवाई में यह टीम बनाई गई थी। टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई।

3 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे ग्राम हरदीडाली टोला मुरदहिया के नो मेन्स लैंड के पास सागौन के बगीचे से यह लावारिस यूरिया खाद बरामद हुई।बरामदगी के आधार पर सोनौली थाने में अज्ञात के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम की धारा 113 के तहत केस दर्ज किया गया है।

जब्त माल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवां भेजा जा रहा है। बरामदगी में 55 बोरी लावारिस भारतीय यूरिया खाद शामिल है।

इस कार्रवाई में सोनौली थाना पुलिस से उपनिरीक्षक अभिषेक जायसवाल, कांस्टेबल बृजेश कुमार, मधुसूदन और ऋषि मुनि राय शामिल थे। एसएसबी की 66वीं वाहिनी से निरीक्षक अभिनेष कुमार, मुख्य आरक्षक राम तिलक मौर्य, आरक्षक राधेश्याम और अनुज कुमार साहनी मौजूद थे। सीमा शुल्क विभाग नौतनवां से कस्टम अधीक्षक एस.के.पाल, श्रवण जायसवाल, निरीक्षक कुलदीप सिंह और हेड कांस्टेबल सुबोध चौबे भी टीम का हिस्सा थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *