नेपाल में हथियारों की सप्लाई पर उठे सवाल, फर्जी पहचान पत्रों के सहारे होटलों में ठहर रहे अपराधी
मनोज कुमार त्रिपाठी
नेपाल के रूपन्देही जिले के भैरहवा क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में कैसिनो संचालक और कई जीएम अपराधियों के निशाने पर हैं। क्षेत्र में हथियारों की आवाजाही को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा एजेंसियों को इस नेटवर्क की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
कुछ समय पहले भैरहवा स्थित एक कैसिनो में हुए गोलीकांड के बाद भी घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद नहीं हो सके हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज है कि भारत से जुड़े कुछ अपराधी नेपाल पहुंचकर हथियारों को छिपाने और वहीं से आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने का काम कर रहे हैं। इससे सीमा सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक कई अपराधी नेपाल के होटलों में फर्जी आधार कार्ड और नकली पहचान पत्रों के सहारे आसानी से ठहर रहे हैं। होटल संचालकों और कर्मचारियों को भी कई बार इसकी भनक तक नहीं लग पाती। सीमा क्षेत्र में पहचान सत्यापन की कमजोर व्यवस्था का फायदा उठाकर अपराधी लगातार अपनी गतिविधियां संचालित कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नेपाल सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की, तो भविष्य में कोई बड़ी आपराधिक घटना सामने आ सकती है। सीमा से जुड़े संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने, होटल सत्यापन प्रणाली को मजबूत करने और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर समन्वय बढ़ाने की मांग तेज हो गई है।