मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा। नेपाल के रुपन्देही जिले में सशस्त्र प्रहरी बल ने भारत से नेपाल लाई जा रही भारतीय नंबर प्लेट वाली कार को पकड़कर 32 बोतल शराब समेत 65,900 नेपाली रुपये का किराना सामान बरामद किया है। शराब और सामान की ढुलाई में इस्तेमाल कार की अनुमानित कीमत 25 लाख नेपाली रुपये बताई गई है। इस तरह बरामद वाहन और सामान की कुल कीमत करीब 25 लाख 65 हजार 900 नेपाली रुपये आंकी गई है।
सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल, सीमा सुरक्षा गुल्म मुख्यालय डण्डा के अनुसार शनिवार रात करीब 8 बजे सिद्धार्थनगर नगरपालिका-1 के पिपलबोट क्षेत्र में भारत से नेपाल की ओर आ रही भारतीय नंबर प्लेट 24 BH 0309K वाली लाल रंग की कार को जांच के लिए रोकने का प्रयास किया गया। सशस्त्र प्रहरी की मोबाइल टोली को देखते ही चालक कार लेकर भागने लगा।
इसके बाद नायब उपरीक्षक गोपीकृष्ण भट्टराई के कमांड में तैनात सात सदस्यीय टीम ने कार का पीछा किया। सिद्धार्थनगर नगरपालिका-3 स्थित आंखा अस्पताल चोक के पास सशस्त्र प्रहरी ने कार को नियंत्रण में ले लिया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
कार को गुल्म मुख्यालय लाकर तलाशी लेने पर उसके अंदर से विभिन्न ब्रांड की 32 बोतल शराब और किराना सामान बरामद हुआ। बरामद सामान की कीमत करीब 65,900 नेपाली रुपये बताई गई है, जबकि भारतीय नंबर प्लेट वाली लाल कार की कीमत 25 लाख नेपाली रुपये आंकी गई।
सीमा सुरक्षा गुल्म मुख्यालय डण्डा के प्रमुख गोपीकृष्ण भट्टराई ने बताया कि बरामद वाहन और सामान को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद भंसार कार्यालय को सौंप दिया गया है। वहीं, फरार चालक की तलाश में सशस्त्र प्रहरी की टीम जुटी हुई है।

