महराजगंज ब्रेकिंग : 20 घंटे बाद भी रोहिन नदी में लापता छात्र का नहीं मिला सुराग, NDRF-SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

दिलीप त्रिपाठी 

महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा सात के छात्र हिमांशु यादव ने त्रिमुहानी पुल से रोहिन नदी में छलांग लगा दी। घटना के करीब 20 घंटे बाद भी छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका है। हिमांशु लखरहिया बरगदही गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब 2 बजे हिमांशु त्रिमुहानी पुल पर पहुंचा और अचानक रोहिन नदी में छलांग लगा दी। उस समय पुल के नीचे मौजूद कुछ लोगों ने छात्र को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी का पानी गहरा होने के कारण वे उसे बचा नहीं सके।

घटना के बाद पुल पर छात्र की साइकिल और बैग मिला, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र की तलाश शुरू कराई।

हिमांशु की तलाश के लिए NDRF और SDRF की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। स्टीमर और गोताखोरों की मदद से नदी के भीतर और आसपास के इलाकों में सघन खोजबीन की जा रही है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तक भी छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

उधर, बेटे के नदी में लापता होने की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, छात्र की तलाश की खबर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग नदी किनारे पहुंच गए हैं और लगातार बचाव अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।

फिलहाल NDRF और SDRF की टीमें छात्र की तलाश में जुटी हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *