महराजगंज में रील का खुमार: नेशनल हाईवे पर जान जोखिम में डालकर स्टंट, ट्रैफिक नियमों की उड़ाई धज्जियां

फरेंदा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-24 का बताया जा रहा वायरल वीडियो, सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स की होड़ में खतरनाक हरकत

दिलीप त्रिपाठी 

महराजगंज। सोशल मीडिया पर लाइक्स, कमेंट्स और व्यूज पाने की होड़ अब लोगों को अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की जिंदगी भी खतरे में डालने की ओर धकेल रही है। महराजगंज में ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है, जिसमें व्यस्त मार्ग और नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी करते हुए स्टंटबाजी और रील बनाने का मामला सामने आया है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो फरेंदा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-24 का है। वीडियो में सड़क पर यातायात की मौजूदगी के बावजूद रील बनाने के लिए जोखिम भरी गतिविधियां किए जाने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में जरा सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

हाईवे जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश में सड़क सुरक्षा को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब सवाल उठ रहा है कि क्या पुलिस और यातायात विभाग ऐसे मामलों में कार्रवाई करेगा? लोगों ने भी हाईवे और सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की खतरनाक रील बनाने वालों के खिलाफ सख्ती की मांग की है।

अब देखना होगा कि वायरल वीडियो का पुलिस द्वारा संज्ञान लिया जाता है या नहीं और नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर क्या कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *