महात्मा बुद्ध के ननिहाल बनरसिहा कला उर्फ देवदह में हो रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों को देखने पहुंचे जिलाधिकारी 

बोले देवदह होगा अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल यहां हेलीपैड का भी होगा निर्माण 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को नौतनवां तहसील क्षेत्र के बनरसिया कला स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के देवदह पर्यटन परियोजना क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर विकास एवं पर्यटन संबंधी कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। 

इस अवसर पर देवदह रामग्राम बौद्ध विकास समिति के अध्यक्ष जितेन्द्र राव , उपाध्यक्ष महेन्द्र जायसवाल,लक्ष्मीचंद पटेल महामंत्री, प्रहलाद गौतम संगठन, मनोज कन्नौजिया संरक्षक ने जिलाधिकारी महोदय को देवदह रामग्राम का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया तथा देवदह रामग्राम के विकास एवं चानकी घाट से जंगल गुलरिहा तक बन रहे रोड का निर्माण बरसात से पहले कराने का मांग पत्र दिया।

इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राज्य पुरातत्व विभाग द्वारा संचालित उत्खनन कार्य की जानकारी प्राप्त की। 

अधिकारियों ने बताया कि उत्खनन का प्रथम चरण पूरा हो चुका है तथा द्वितीय चरण के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर विभाग को भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही है। अब तक हुए उत्खनन में उत्तर मौर्य काल से गुप्तकाल तक के महत्वपूर्ण पुरातात्विक साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। 

जिलाधिकारी ने विपश्यना हॉल तथा सरोवर के सुंदरीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए प्रथम स्तूप, द्वितीय स्तूप और सरोवर क्षेत्र के एकीकृत विकास की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके लिए आवश्यक भूमि क्रय का प्रस्ताव शासन को भेजने को कहा। 

उन्होंने सरोवर सुंदरीकरण कार्य इस माह के भीतर पूरा कराने पर भी जोर दिया।परियोजना क्षेत्र तक पर्यटकों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पर्यटन अधिकारी को सीधा संपर्क मार्ग विकसित करने का प्रस्ताव भेजने तथा स्थल पर भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित कराने की कार्यवाही तेज करने के निर्देश दिए। 

साथ ही उपजिलाधिकारी नौतनवां को हेलीपैड निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि देवदह बौद्ध परिपथ का महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। इसे बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी नवीन कुमार, पर्यटन अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी लक्ष्मीपुर मृत्युंजय यादव, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *