राष्ट्रीय स्तर पर ताइक्वांडो में जलवा बिखेरेंगी तराई की नीलू पाण्डेय

प्रदेशीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

मनोज कुमार त्रिपाठी 

घुघली/महराजगंज। तराई की बेटी नीलू पाण्डेय ने ताइक्वांडो में शानदार प्रदर्शन कर महराजगंज जिले का नाम रोशन किया है। गोरखपुर के सहजनवां स्थित मुरारी इंटर कॉलेज में 3 से 7 अक्टूबर तक आयोजित 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में नीलू ने अंडर-14 आयु वर्ग के 35 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

इस स्वर्णिम सफलता के साथ नीलू ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वह पनियरा स्थित हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज की छात्रा हैं और ताइक्वांडो प्रशिक्षक फराज अहमद के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

सीमित संसाधनों में हासिल की बड़ी उपलब्धि

महराजगंज जैसे तराई क्षेत्र में सीमित खेल संसाधनों के बावजूद नीलू की यह उपलब्धि जिले में मौजूद खेल प्रतिभाओं की क्षमता को दर्शाती है। उनकी सफलता से विद्यालय परिवार, परिजनों और जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। खेल से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध हों तो महराजगंज की प्रतिभाएं राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन कर सकती हैं।

खेल जगत से मिल रही बधाइयां

नीलू की इस उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक राम नगीना भारती, पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रशांत पांडेय, विजय प्रताप सिंह, जिला खेल सचिव अजय कुमार श्रीवास्तव, खेल सहायक हरिप्रकाश चौधरी, संदीप चौधरी सहित जनपद के प्रधानाचार्यों और व्यायाम शिक्षकों ने शुभकामनाएं दीं। सभी ने नीलू के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *