मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा, नेपाल। राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (रास्वपा) रूपन्देही क्षेत्र नम्बर-3 के क्षेत्रीय अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के वरिष्ठ एवं सक्रिय नेता सुमन न्यौपाने ने अपनी उम्मेदवारी की घोषणा कर दी है। उनके चुनावी मैदान में उतरने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
पार्टी स्थापना काल से ही संगठन निर्माण, जनसंपर्क विस्तार और विभिन्न जनआन्दोलन तथा अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे न्यौपाने को त्यागी, ईमानदार और ऊर्जावान युवा नेता के रूप में जाना जाता है। संगठन के भीतर उनकी मजबूत पकड़ और कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रियता उन्हें अध्यक्ष पद का प्रमुख दावेदार बना रही है।
उम्मीदवारी की घोषणा के बाद न्यौपाने ने कहा कि उनका उद्देश्य पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत, व्यवस्थित तथा जनमुखी बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की भावना, सुझाव और सहभागिता को प्राथमिकता देते हुए संगठन संचालन का भरोसा दिलाया।
क्षेत्रीय अधिवेशन नजदीक आने के साथ ही न्यौपाने के समर्थन में कार्यकर्ताओं का रुझान बढ़ता दिखाई दे रहा है। पार्टी में लंबे समय से सक्रिय रहने, संगठनात्मक अनुभव और स्वीकार्य नेतृत्व क्षमता के कारण उन्हें मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि न्यौपाने ने पार्टी के हर अभियान में अग्रणी भूमिका निभाई है और नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और प्रभावी दिशा मिलेगी।
गौरतलब है कि भैरहवा निवासी सुमन न्यौपाने रास्वपा सिद्धार्थनगर के पूर्व नगर अध्यक्ष भी रह चुके हैं। आगामी क्षेत्रीय अधिवेशन में रूपन्देही-3 की नई नेतृत्व टीम का चयन होना है, ऐसे में उनकी उम्मेदवारी राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।