‘ऑपरेशन चार्ली’ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हजारों नकली नोट, प्रिंटर, लैपटॉप, फोटोकॉपी मशीन और नोट छापने के उपकरण बरामद
मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा (नेपाल)। रुपन्देही पुलिस ने नकली नेपाली मुद्रा छापने और उसे बाजार में खपाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए भारत के एक नागरिक सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में एक हजार नेपाली रुपये के नकली नोट, नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रुपन्देही के बुटवल उपमहानगरपालिका-11 निवासी 36 वर्षीय गंगा कुमारी पूर्वछाने, पोखरा महानगरपालिका-1 निवासी किरण कृष्ण तिवारी उर्फ कृष्ण, भक्तपुर के चांगुनारायण नगरपालिका-1 निवासी रामचन्द्र खत्री, कपिलवस्तु के बाणगंगा नगरपालिका-2 निवासी संजय थारू, दोलखा के शैलुङ गाउँपालिका-4 निवासी 38 वर्षीय पासाङ तामाङ तथा भारत के पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी निवासी 49 वर्षीय बासुमित्र आनंद शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि 10 जुलाई (असार 26) को बुटवल में गंगा कुमारी पूर्वछाने ने एक महिला से ई-सेवा (QR कोड) के माध्यम से 2,100 नेपाली रुपये ट्रांसफर करवाए और बदले में दो हजार रुपये के नोट दिए। बाद में दोनों नोट नकली पाए जाने पर पीड़िता ने इलाका प्रहरी कार्यालय, बुटवल में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर गंगा कुमारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच के दौरान नकली नोट छापने वाले पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। पुलिस ने 12 जुलाई (असार 28) को रामचन्द्र खत्री को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि बुटवल उपमहानगरपालिका-13 स्थित जितगढ़ी में किराए के दो कमरों में नकली नोट छापने का अवैध संचालन किया जा रहा था।
13 जुलाई (असार 29) को पुलिस टीम ने उक्त ठिकाने पर छापेमारी कर नकली नोट बनाने में प्रयुक्त उपकरणों के साथ अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
जिला पुलिस कार्यालय कास्की के सहयोग से पोखरा से गिरफ्तार किरण कृष्ण तिवारी के पास से एक हजार नेपाली रुपये के 478 नकली नोट, जबकि बुटवल स्थित गंगा कुमारी के घर से 103 नकली नोट बरामद किए गए।
इसके अलावा पुलिस ने फोटोकॉपी मशीन, डेल कंपनी का लैपटॉप, नोट काटने की मशीन, प्रिंटर, नकली नोट छापने के लिए इस्तेमाल होने वाला विशेष कागज, केमिकल, लेमिनेशन मशीन, प्लास्टिक शीट तथा छह मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
लुम्बिनी प्रदेश पुलिस कार्यालय, दाङ के नेतृत्व में जिला पुलिस कार्यालय रुपन्देही और इलाका प्रहरी कार्यालय, बुटवल ने ‘ऑपरेशन चार्ली’ के तहत यह कार्रवाई की। सभी छह आरोपियों के विरुद्ध रुपन्देही जिला अदालत से मुद्रा संबंधी अपराध के मामले में पांच दिन की रिमांड प्राप्त कर आगे की जांच जारी है।