द इंडिया एक्सप्रेस न्यूज
पीपीगंज (गोरखपुर)। पीपीगंज थाना क्षेत्र में एक युवती ने टीचर कॉलोनी निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर कथित रूप से शारीरिक शोषण करने, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने तथा पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, युवती का आरोपी युवक के साथ पहले रिश्ता था, जो बाद में समाप्त हो गया। पीड़िता का आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद भी युवक लगातार उसे परेशान करता रहा। उसने कथित तौर पर निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को प्रयागराज बुलाया, जहां तीन दिनों तक उसके साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी की बात की तो आरोपी मुकर गया। बाद में पुलिस कार्रवाई की आशंका होने पर शादी करने की बात कही, लेकिन घर लौटने के बाद फिर से धमकियां देने लगा। युवती का आरोप है कि शिकायत करने की बात कहने पर आरोपी ने रास्ते में रोककर बदसलूकी की, पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और किसी को घटना की जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
युवती का दावा है कि उसके पास आरोपी द्वारा दी गई धमकियों की ऑडियो रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्य भी मौजूद हैं। उसने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में पीपीगंज थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।