सोनौली नगर पालिका के बड़े बाबू संजय श्रीवास्तव का काला कारनामा! मदनपुरा गौशाला विवाद के बीच गोदाम में ट्रॉली पर मिली गाय, उठे गंभीर सवाल

मनोज कुमार त्रिपाठी 

सोनौली/महराजगंज। सोनौली गौशाला  में गायों की मौत और अव्यवस्थाओं का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि मंगलवार को एक और नया मामला सामने आ गया। आरोप है कि काली मंदिर के पीछे स्थित गौशाला के गोदाम में एक गाय को ट्रॉली पर रखकर चोरी-छिपे रखने का प्रयास किया गया।

मौके पर पहुंची इंडिया एक्सप्रेस न्यूज़ की टीम ने जब वहां मौजूद कर्मचारी मनीष से जानकारी ली तो उसने साफ कहा कि उसे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। कर्मचारी का कहना था कि जब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी का फोन नहीं आएगा, तब तक गाय को वहां से कहीं शिफ्ट नहीं किया जाएगा।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत सोनौली के बड़े बाबू संजय श्रीवास्तव के कार्यकाल में गौशाला की व्यवस्थाएं लगातार सवालों के घेरे में रही हैं। लोगों का कहना है कि आए दिन गायों की मौत और अव्यवस्थाओं की शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले की सूचना सोनौली प्रभारी महेंद्र मिश्रा तथा एसडीएम नौतनवा को दे दी गई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करता है या नहीं।

सोनौली नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुरभि मिश्रा ने गौशाला में सामने आए मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा कि पशु चिकित्सक, संबंधित स्टाफ और बड़े बाबू के साथ बैठक कर पूरे प्रकरण की समीक्षा की जाएगी तथा जिम्मेदारी तय की जाएगी। ईओ ने बताया कि गौशाला का निरीक्षण कर वहां मौजूद कमियों को चिह्नित किया जाएगा और उन्हें शीघ्र दूर कराने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पशुओं की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि पिछले मामले में भी बड़े बाबू संजय श्रीवास्तव को थाने बुलाए जाने की चर्चा रही थी, लेकिन मामले की जांच पूरी होने से पहले ही एक और नया विवाद सामने आ गया। इससे गौशाला प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

— मनोज कुमार त्रिपाठी

इंडिया एक्सप्रेस न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *