सोनौली बॉर्डर पर तस्करी के मंसूबों पर पानी, ₹9 लाख का लावारिस सामान जब्त

प्रेमनगर कॉलोनी में पुलिस-राजस्व टीम की संयुक्त कार्रवाई, भारी मात्रा में टूथपेस्ट-क्रीम और मक्का बरामद

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज/सोनौली। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनौली पुलिस और राजस्व टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने सोनौली कस्बे की प्रेमनगर कॉलोनी से करीब 9 लाख रुपये मूल्य का लावारिस कॉस्मेटिक एवं खाद्य सामान बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी (IPS) के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसन्त कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष सोनौली महेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

बुधवार को उपनिरीक्षक एवं सोनौली चौकी प्रभारी उमाकान्त सरोज, नायब तहसीलदार नौतनवा सौरभ श्रीवास्तव तथा पुलिस बल की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्रेमनगर कॉलोनी में लावारिस हालत में भारी मात्रा में सामान मिला। बरामदगी के बाद टीम ने सामान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

 

 

बरामद सामान में 80 ग्राम के क्लोजअप टूथपेस्ट के 1,728 पीस, 150 ग्राम के क्लोजअप टूथपेस्ट के 1,728 पीस, 100 ग्राम के पेप्सोडेंट टूथपेस्ट के 288 पीस, 25 ग्राम की फेयर एंड लवली क्रीम के 6,336 पीस तथा मक्का की तीन बोरियां शामिल हैं। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹9 लाख बताई गई है।

सीमा पार नेपाल में तस्करी के लिए सामान जुटाए जाने की आशंका के बीच लावारिस बरामदगी ने सीमावर्ती क्षेत्र में चल रहे तस्करी के नेटवर्क को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने बरामद सामान को धारा 113 कस्टम एक्ट के तहत सीज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय, नौतनवा को सुपुर्द कर दिया है।

सीमा क्षेत्र में पुलिस और राजस्व विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध कारोबार में जुटे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *