धौरहरा पावर हाउस के पास पुलिस की कार्रवाई, आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
मनोज कुमार त्रिपाठी
सोनौली ! महराजगंज जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 390 एम्पुल नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण में थाना सोनौली पुलिस टीम द्वारा धौरहरा सर्विस लेन पावर हाउस के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से डाईजापाम इंजेक्शन 130 एम्पुल, बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन 130 एम्पुल तथा प्रोमेथाज़ीन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन 130 एम्पुल बरामद हुए। कुल 390 एम्पुल नशीले इंजेक्शन मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर अहमद पुत्र हैदर अली निवासी बैरवा चंदनपुर, खोरिया बाजार थाना नौतनवा जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र लगभग 23 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सोनौली में मु0अ0सं0-40/2026 धारा 8/22/23 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उ0नि0 अरविन्द कुमार, उ0नि0 दिलीप कुमार, हे0का0 भानुप्रताप सिंह एवं कांस्टेबल प्रशान्त राय की अहम भूमिका रही।