सोनौली सीमा पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 बोरी लावारिस यूरिया खाद बरामद

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज/सोनौली। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोनौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 बोरी यूरिया खाद बरामद की है। खाद हरदीडाली चौराहे के पास एक कृषि बीज भंडार के बगल में लावारिस हालत में पड़ी मिली। बरामदगी के बाद पुलिस ने कस्टम अधिनियम के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर खाद को कस्टम कार्यालय नौतनवां भेज दिया है।

 

 

पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमदेव अवस्थी (IPS) के निर्देश पर सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों, अवैध तस्करी और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी नौतनवां बसंत सिंह के पर्यवेक्षण में सोनौली थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

17 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक अभिषेक जायसवाल पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम हरदीडाली चौराहे पहुंची। यहां ‘मिश्रा कृषि बीज भण्डार’ के बगल में 14 बोरी यूरिया खाद लावारिस हालत में रखी मिली।

 

 

पुलिस ने मौके पर खाद को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की। मामले में मु0अ0सं0 निल/2026, धारा 113 कस्टम अधिनियम के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद खाद को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवां भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अभिषेक जायसवाल, कांस्टेबल सुरेश सिंह, ऋषिमुनी राय, प्रवीण कुमार सिंह एवं बृजेश कुमार शामिल रहे।

सीमा क्षेत्र में लावारिस हालत में इतनी मात्रा में यूरिया खाद मिलने से तस्करी की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, खाद को वहां कौन छोड़कर गया और इसका गंतव्य क्या था, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *