उमेश चन्द्र त्रिपाठी/मनोज कुमार त्रिपाठी
सोनौली (महाराजगंज), 09 जून 2026 ! भारत-नेपाल सीमा स्थित व्यापार एवं पारगमन मार्ग, सोनौली पर सुरक्षा बलों एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक भारतीय नागरिक के कब्जे से लगभग 2.3 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) बरामद किया गया।
सूचना के आधार पर नेपाल से भारत में प्रवेश कर रहे एक व्यक्ति के बैग की एक्स-रे स्कैनिंग में संदिग्ध सामग्री पाए जाने पर विस्तृत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लगभग 2.3 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम मोहम्मद इथरिस अंसार, निवासी रामनाथपुरम, तमिलनाडु बताया।
प्रारंभिक पूछताछ में नेपाल एवं थाईलैंड यात्रा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं। बरामद मादक पदार्थ को विधिक कार्यवाही हेतु कब्जे में लेकर अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही संभावित तस्करी नेटवर्क एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में जांच जारी है।
उक्त कार्रवाई 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के बी समवाय, सोनौली की टीम एवं स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई। कार्रवाई में सहायक कमांडेंट सुश्री प्रिया यादव, उपनिरीक्षक (सामान्य) रामलाल, आरक्षी (सामान्य) गौरव तिवारी एवं आरक्षी (सामान्य) सुंदर लक्ष्मी एम तथा पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक अरविंद कुमार, आरक्षी धीरज साह एवं आरक्षी अश्विनी यादव , सोनौली कोतवाली प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्रा शामिल रहे।