सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में शामिल होने के लिए 10 तीर्थ यात्रियों का दल आज गुजरात के लिए रवाना 

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज, 18 अप्रैल 2026, सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में शामिल होने के लिए जिले से 10 तीर्थ यात्रियों का दल आज गुजरात के लिए रवाना हुआ। तीर्थ यात्रियों के दल को मा. विधायक सदर श्री जयमंगल कन्नौजिया व एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

इससे पूर्व मा. विधायक सदर और अपर जिलाधिकारी ने यात्रियों को फूलमाला पहनाकर विदाई दी। यात्रियों को रवाना करने से पहले सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने संबोधित किया। कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के सम्मान का प्रतीक है। 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रथम सोमनाथ देश की आस्था के केंद्र है। सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होना हम सबके लिए गौरव की बात है। कहा कि जनपद से सोमनाथ दर्शन को जाने वाले सभी तीर्थयात्री भाग्यशाली हैं। उन्होंने यात्रियों के मंगलमय सफर की कामना की।

अपर जिलाधिकारी महोदय ने भी सभी यात्रियों को आवश्यक सुझाव देते हुए नोडल अधिकारी के निर्देशों का पालन करने की ताकीद की। उन्होंने सभी को उनकी यात्रा के लिए शुभकामना प्रेषित किया।

जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि संस्कृति विभाग व गुजरात सरकार की ओर से सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण के 1000 वर्ष व पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य आयोजन किया जा रहा है। 

तीर्थ यात्रियों के आने जाने, ठहरने व भोजन का पूरा खर्च सरकार वहन कर रही है। जनपद से 20 तीर्थयात्री लखनऊ जा रहे हैं। वहां 19 अप्रैल को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रतिभाग करने उपरांत सभी यात्री ट्रेन से सोमनाथ के लिए प्रस्थान करेंगे। 

जनपद के 10 सदस्यीय दल में छोटेलाल गुप्ता, जगदीश त्रिपाठी, वीरेन्द्र चौहान, श्यामदेव सहानी, ओम प्रकाश पांडेय, मोलई प्रसाद, मनमोहन गुप्ता, प्रमिला, अविनाश कुमार व सुरेन्द्र विश्वकर्मा शामिल हैं। लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता नवीन सहगल नोडल अधिकारी के रूप में साथ गए हैं, जो पूरी यात्रा के दौरान दल का प्रतिनिधत्व करेंगे। 

इस मौके पर जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, ईओ नगरपालिका आलोक कुमार, सूचना विभाग के विजय चौरसिया व भरत कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *