घुघली में गूंजा स्वच्छता का संदेश, एनसीसी कैडेट्स ने लोगों को किया जागरूक
घुघली (महराजगंज)। स्थानीय डीएवी नारंग इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने बुधवार को संचारी रोगों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भव्य जागरूकता रैली निकाली। रैली का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता अपनाने, संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देने और स्वस्थ वातावरण के प्रति प्रेरित करना था।
रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सुभाष चौक तक पहुंची। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक “जन-जन का यही है नारा, संचारी रोग मुक्त हो देश हमारा” तथा “दूर होगी हर बीमारी, जब होगी सबकी भागीदारी” जैसे जागरूकता नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता और स्वास्थ्य का संदेश दिया।
रैली के विद्यालय लौटने पर प्रधानाचार्य जोगेंद्र प्रसाद ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संचारी रोग मुख्य रूप से दूषित पानी, अस्वच्छ भोजन और गंदे वातावरण के कारण फैलते हैं। उन्होंने कहा कि इनसे बचाव के लिए आसपास साफ-सफाई रखना, भोजन से पहले हाथ धोना, मच्छरों से बचाव करना तथा कूलर, पुराने टायर और अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने देना अत्यंत आवश्यक है।

जिला क्रीड़ा सचिव अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि स्वच्छता ही संचारी रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड और डायरिया जैसी बीमारियां गंदगी और जलभराव के कारण तेजी से फैलती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने गांव और मोहल्लों में लोगों को जागरूक करने तथा विशेष रूप से बरसात के मौसम में जलभराव रोकने और नियमित सफाई बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने संचारी रोगों की रोकथाम और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।