24 वर्षीय युवक जितेंद्र की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महाराजगंज! महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के इलाहावास गांव के लखनपुर टोला निवासी 24 वर्षीय जितेंद्र मौर्य की इलाज के दौरान मौत के बाद क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि बीते 3 अप्रैल को बृजमनगंज थाना क्षेत्र के हबीबगढ़ गांव के पास जितेंद्र संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए नौगढ़ जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि जितेंद्र के साथ मारपीट की गई थी और यह एक सुनियोजित हत्या का मामला है।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ फरेंदा अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में सोनौली, बृजमनगंज, कोल्हुई, नौतनवां और पुरंदरपुर थानों की पुलिस के साथ पीएसी बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *