प्रशिक्षण काल ही एक आदर्श, सक्षम और उत्तरदाई पुलिसकर्मी के निर्माण की मजबूत आधारशिला – शक्ति मोहन अवस्थी एसपी महराजगंज 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! पुलिस लाइन स्थित आरटीसी (रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस प्रशिक्षुओं को रविवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के मूल मंत्र दिए। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षुओं को पुलिस सेवा के मूलभूत सिद्धांतों का पालन करते हुए जनता के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की सीख दी।

एसपी ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और आमजन में सुरक्षा की भावना स्थापित करना है। इसके लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करना चाहिए।

उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन और समय पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रशिक्षण काल ही एक आदर्श, सक्षम और उत्तरदायी पुलिसकर्मी के निर्माण की मजबूत आधारशिला होता है। पुलिस की छवि उसके आचरण, व्यवहार और कार्यशैली से बनती है, इसलिए हर प्रशिक्षु को अपने व्यवहार और कार्यशैली में सकारात्मकता और संवेदनशीलता लानी चाहिए। एसपी ने आधुनिक पुलिसिंग की आवश्यकता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। 

उन्होंने प्रशिक्षुओं को साइबर अपराध की रोकथाम कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा अपराध नियंत्रण की प्रभावी रणनीतियों के बारे में जानकारी दी। साथ ही तकनीकी दक्षता, सूझबूझ और त्वरित निर्णय क्षमता विकसित करने पर भी बल दिया, ताकि बदलते परिवेश में पुलिस बल अधिक प्रभावी और सक्षम बन सके। 

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज तथा क्षेत्राधिकारी लाइन भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रशिक्षुओं को अनुशासन का कड़ाई से पालन करने, शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत रहने तथा प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता, लगन और समर्पण के साथ ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। 

कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान, कौशल और नैतिक मूल्यों को अपने दैनिक कार्यों में आत्मसात करें, जिससे जनपद में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत हो तथा पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *