महराजगंज जिले के पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर के पास पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 5700 नशीले इंजेक्शन के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार

एक अन्य आरोपी की तलाश जारी 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुरन्दरपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने रानीपुर चौराहे के पास से दो तस्करों को गिरफ्तार किया। तस्करों के पास से 5700 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। बरामद इंजेक्शनों की बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपए आंकी गई है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन अशोक मुथा जैन और पुलिस उप महानिरीक्षक एस. चनप्पा के निर्देश पर की गई। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी फरेन्दा अनिरुद्ध कुमार के पर्यवेक्षण में संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जुगौली थाना सोनौली निवासी राजेन्द्र धरिकार उर्फ इलू (32) और कम्हरिया बुजुर्ग थाना कोल्हुई बाजार निवासी आदित्य कुमार मिश्र (30) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1900-1900 एम्पुल डाइजापाम, बुप्रेनोर्फिन और प्रोमेथाजीन इंजेक्शन बरामद हुए। इसके अतिरिक्त, दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, 9000 रुपए नकद और एक कार भी जब्त की गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इन इंजेक्शनों को नेपाल ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। वे पिछले छह महीनों से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे। 

पुलिस के अनुसार इन दवाओं का उपयोग सामान्यतः चिकित्सकीय कार्यों में होता है, लेकिन इन्हें मिलाकर “कॉकटेल ड्रग” के रूप में नशे के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था, जो युवाओं के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत खतरनाक है।

इस मामले में थाना पुरन्दरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन की गहन जांच जारी है। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पूरी टीम को 25 हजार रुपए का पुरस्कार भी प्रदान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *