वादे से विकास तक की यात्रा 

27 करोड़ के पुल पर सेमरहवा में विधायक ऋषि त्रिपाठी का आज भव्य स्वागत

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

नौतनवां महराजगंज! नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्मीपुर ब्लाक अंतर्गत रोहिन नदी पर सेमरहवा गांव में बहु-प्रतीक्षित दीर्घ पुल की स्वीकृति मिलने के बाद आज ग्रामीणों में खुशी और हर्षोल्लास का माहौल है। इसी खुशी में आज क्षेत्र के सम्मानित ग्रामीणों द्वारा विधायक ऋषि त्रिपाठी के स्वागत हेतु भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। विधायक आज लखनऊ से सीधे कार्यक्रम स्थल पर करीब 12:00 बजे पहुंचेंगे।

यह पुल लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग रहा है। खास बात यह है कि 2024 के संसदीय चुनाव के दौरान विधायक ऋषि त्रिपाठी ने सेमरहवा ग्राम सभा के लोगों से वादा किया था कि यदि पुल का निर्माण नहीं हुआ तो वे वोट मांगने नहीं आएंगे। उनके इस वादे पर विश्वास जताते हुए ग्रामीणों ने उन्हें समर्थन दिया था।

अपने वादे को निभाने के लिए विधायक त्रिपाठी लगातार प्रयासरत रहे। उन्होंने इस मुद्दे को सदन में भी मजबूती से उठाया, जिसका परिणाम यह हुआ कि रोहिन नदी के सेमरहवा घाट पर 26.82 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण की स्वीकृति मिल गई।

बता दें कि यह क्षेत्र तीन ओर से घने जंगलों से घिरा हुआ है, जहां बरसात के मौसम में हालात अत्यंत दुर्गम हो जाते थे। नदी उफान पर होने से गांवों का संपर्क पूरी तरह कट जाता था, जिससे लोगों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और दैनिक जरूरतों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

पुल की स्वीकृति से अब क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद जगी है। लोगों का मानना है कि इस पुल के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।

आज आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के जुटने की संभावना है, जहां विधायक त्रिपाठी का अभिनंदन किया जाएगा और क्षेत्र के विकास को लेकर आगे की योजनाओं पर भी चर्चा हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *