पुलिस अधीक्षक द्वारा फरेंदा थाने का देर रात औचक निरीक्षण, महकमें में मचा हड़कंप

उपनिरीक्षक बीरबल चौहान निलंबित 

प्रभारी निरीक्षक फरेंदा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक और ड्यूटी मुंशी के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश 

थाना स्तर पर पुलिसिंग की गुणवत्ता ही होती है जनता के विश्वास की नींव – पुलिस अधीक्षक 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी / राहुल सिंह 

महराजगंज! महराजगंज जिले में पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में रविवार देर रात उन्होंने थाना कोतवाली फरेंदा का औचक निरीक्षण किया, जिससे थाने में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना कार्यालय, अभिलेखों, साफ-सफाई, साइबर सेल और महिला हेल्प डेस्क सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। 

इस दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर उपनिरीक्षक बीरबल चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही प्रभारी निरीक्षक फरेंदा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक और ड्यूटी मुंशी के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। 

एसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान लंबित प्रार्थना पत्रों और मामलों की समीक्षा भी की गई। 

पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों को पूर्ण और अद्यतन रखने के निर्देश दिए, साथ ही जनता की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क और सक्रिय रहने की हिदायत दी। 

एसपी अवस्थी ने कहा कि थाना स्तर पर पुलिसिंग की गुणवत्ता ही जनता के विश्वास की नींव होती है। उनका लक्ष्य है कि हर शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान हो, ताकि आम जनता को त्वरित न्याय मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *