डॉक्टर की ‘लापरवाही’ के खिलाफ अनोखा विरोध, शोक संदेश कार्ड हुआ वायरल

पीपीगंज में युवक की मौत के बाद आनंदलोक हॉस्पिटल पर गंभीर आरोप, सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप

सत्यम गुप्ता 

 

गोरखपुर के पीपीगंज क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक परिवार ने अपने बेटे की मौत के बाद डॉक्टर और अस्पताल के खिलाफ विरोध का ऐसा तरीका अपनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला आनंदलोक हॉस्पिटल से जुड़ा है। पीपीगंज निवासी सुरेश मद्धेशिया के पुत्र अभिषेक मद्धेशिया का 1 अप्रैल 2026 को निधन हो गया। परिजनों का आरोप है कि यह मौत सामान्य नहीं थी, बल्कि पथरी के ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर और उनकी टीम की घोर लापरवाही के कारण हुई है।

घटना के बाद परिवार ने शोक संदेश कार्ड को ही विरोध का माध्यम बना दिया। आमतौर पर शोक संदेश कार्ड में केवल अंतिम संस्कार और ब्रह्मभोज की जानकारी होती है, लेकिन इस कार्ड में सीधे तौर पर डॉक्टर का नाम लिखते हुए गंभीर आरोप लगाया गया है। कार्ड में स्पष्ट लिखा गया है कि “आनंदलोक हॉस्पिटल में पथरी के ऑपरेशन के दौरान डॉ. आनंद अग्रवाल व उनकी टीम की घोर लापरवाही के कारण स्वर्गवास हो गया।” कार्ड सामने आते ही मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चित व्यंग्यकार शैलेश त्रिपाठी ‘मोबाइल बाबा’ ने इसे फेसबुक पर साझा करते हुए तंज कस दिया, जिसके बाद पोस्ट तेजी से फैल गई और लोग अस्पताल प्रशासन के खिलाफ तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे। वहीं कार्ड के अनुसार दिवंगत अभिषेक मद्धेशिया की आत्मा की शांति के लिए 15 अप्रैल 2026 को पीपीगंज के आजाद नगर वार्ड नंबर 16 में ब्रह्मभोज का आयोजन किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शोक संदेश कार्ड पर इस तरह सार्वजनिक रूप से आरोप लगाना अस्पताल की छवि पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

इस घटना ने अब एक नई बहस छेड़ दी है कि क्या मेडिकल लापरवाही के मामलों में सोशल मीडिया अब जनता की अदालत बनता जा रहा है, और क्या इस तरह का विरोध पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने का नया तरीका बन रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *