बैंड-बाजा, भांगड़ा और फूलमालाओं के साथ हुआ जोरदार अभिनंदन, अंबेडकर तिराहे पर स्वागत सभा आयोजित
राहुल सिंह
आनंदनगर/महराजगंज।
फरेंदा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं शासन स्तर से उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव यूनियन का अध्यक्ष मनोनीत किए जाने के बाद उनके गृह नगर आनंदनगर में प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। नगर पंचायत आनंदनगर की अध्यक्ष विजयलक्ष्मी राजेश जायसवाल, अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश जायसवाल, भाजपा कार्यकर्ताओं व गणमान्य नागरिकों द्वारा पूरे नगर को दुल्हन की तरह सजाकर ऐतिहासिक स्वागत किया गया।

स्वागत के दौरान नगर में जगह-जगह तोरण द्वार लगाए गए और बैंड-बाजा, ढोल-नगाड़े, भांगड़ा के साथ फूलमालाओं से पूर्व विधायक का अभिनंदन किया गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
अंबेडकर तिराहे पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में चौधरी शिवेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो दायित्व सौंपा है, उसका वे पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी निभाते हुए भी अपने जनपद महाराजगंज और फरेंदा में हमेशा कार्यकर्ताओं के साथ बेटे-भाई की तरह मौजूद रहेंगे।

स्वागत सभा में अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश जायसवाल ने कहा कि चौधरी शिवेंद्र सिंह को मंत्री दर्जे का दायित्व मिलना फरेंदा क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम को पूर्व जिला अध्यक्ष अरुण शुक्ला, पूर्व जिला महामंत्री प्रमोद त्रिपाठी, वरिष्ठ नेता परमात्मा अग्रहरी सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में रामनारायण शुक्ला, रविंद्र बहादुर सिंह, कृष्ण कुमार वर्मा, मुकेश सिन्धी, कमलेश कुमार, आशीष जायसवाल, कन्हैया चौहान, राधेश्याम गौतम सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री अश्वनी सिंह ने किया तथा अध्यक्षता नगर पंचायत आनंदनगर के पूर्व अध्यक्ष अशोक जायसवाल ने की।