इस्तांबुल से आए A330 विमान के लैंडिंग गियर में धुआं, 1 घंटे बंद रहा त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट
मनोज कुमार त्रिपाठी
काठमांडू (नेपाल)। नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तुर्किश एयरलाइंस के एक विमान के दाहिने पीछे वाले टायर में आग लग गई। यह विमान इस्तांबुल से काठमांडू पहुंचा था।
सूचना के अनुसार, विमान के उतरने के बाद लैंडिंग गियर के पास धुआं और आग दिखाई दी, जिसके बाद तुरंत आपातकालीन व्यवस्था लागू की गई। विमान में सवार 277 यात्रियों और 11 क्रू मेंबर्स को इमरजेंसी एग्जिट के जरिए सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के प्रवक्ता ज्ञानेंद्र भुल ने बताया कि आग विमान के राइट रियर टायर में लगी थी, जिसे तुरंत बुझा दिया गया। इसके बाद विमान को टैक्सीवे पर ले जाकर रोक दिया गया और फिलहाल विमान को ग्राउंडेड कर दिया गया है।
घटना के चलते सुरक्षा कारणों से त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा करीब एक घंटे तक बंद रहा। वहीं तुर्किश एयरलाइंस की ओर से कहा गया कि टैक्सीिंग के दौरान लैंडिंग गियर में धुआं देखा गया था। शुरुआती जांच में यह धुआं हाइड्रोलिक पाइप में तकनीकी खराबी के कारण होने की संभावना जताई गई है।
एयरलाइंस ने यात्रियों को वापस भेजने के लिए अतिरिक्त उड़ान की व्यवस्था करने की बात भी कही है।