भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 320 किलो कद्दू बीज की तस्करी नाकाम, युवक गिरफ्तार

मनोज कुमार त्रिपाठी 

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने बड़ी सफलता हासिल की है। 22वीं वाहिनी एसएसबी महराजगंज के एफ समवाय झुलनीपुर अंतर्गत सीमा चौकी शीतलापुर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नेपाल से भारत में अवैध रूप से लाए जा रहे 320 किलोग्राम कद्दू बीज को जब्त कर लिया। इस दौरान एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में इस्तेमाल दो साइकिल भी बरामद हुई हैं।

जानकारी के अनुसार, 15 मई 2026 को करीब 3:00 बजे LA शीतलापुर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति सीमा स्तम्भ संख्या-502 के पास से अवैध सामान भारत लाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही सीमा चौकी प्रभारी शीतलापुर ने स्वयं की निगरानी में 5 जवानों के साथ विशेष नाका गठित किया और मौके पर घेराबंदी कर दी। करीब 3:30 बजे, एक व्यक्ति नेपाल की ओर से भारत में प्रवेश करते हुए साइकिल पर सफेद बोरे लेकर आता दिखाई दिया, जिसे जवानों ने दौड़कर पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान केला बागान के पास से कुल 08 बोरे कद्दू बीज बरामद किए गए। जांच में प्रत्येक बोरे का वजन लगभग 40 किलोग्राम पाया गया, जिससे कुल वजन 320 किलोग्राम हुआ। गिरफ्तार युवक ने अपना नाम अनूप साहनी (23 वर्ष) पुत्र गोपाल साहनी, निवासी ग्राम ईटहिया, थाना ठूठीबारी, जिला महराजगंज बताया। एसएसबी ने मौके पर जब्ती सूची तैयार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसएसबी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी रोकने के लिए सतर्कता और गश्त लगातार बढ़ाई जा रही है तथा किसी भी अवैध गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *