सीमा स्तंभ 502 के पास तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागे, 3 साइकिल भी बरामद
मनोज कुमार त्रिपाठी
महराजगंज (उ.प्र.)। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) 22वीं वाहिनी और सीमा शुल्क कार्यालय निचलौल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध चाइनीज लहसुन की खेप जब्त की है। यह कार्रवाई 16 मई 2026 को तड़के करीब 03:30 बजे एफ समवाय झूलनीपुर के अंतर्गत सीमा चौकी शीतलापुर क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 502 के पास की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, SSB के आसूचना शाखा को सूचना मिली थी कि कुछ लोग नेपाल से भारत की ओर अवैध सामान की तस्करी करने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही एफ समवाय प्रभारी निरीक्षक (स.) अरुण कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने सीमा शुल्क निचलौल के अधिकारियों के साथ संयुक्त नाका लगाया। इसी दौरान नेपाल के बसहिया गांव की तरफ से कुछ लोग साइकिल और बोरे लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश करते दिखे। टीम की मौजूदगी की आशंका होते ही तस्कर सामान और साइकिल छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भाग निकले।
संयुक्त टीम द्वारा मौके पर तलाशी लेने पर 28 सफेद बोरियों में भरा चाइनीज लहसुन बरामद हुआ, जिसमें प्रति बोरी 20 किलोग्राम के हिसाब से कुल 560 किलोग्राम लहसुन पाया गया। इसके साथ ही 03 साइकिल भी जब्त की गईं। बरामद सामान का जब्ती पत्र तैयार कर नियमानुसार सीमा शुल्क कार्यालय निचलौल को सुपुर्द कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार यह लहसुन चीन से नेपाल पहुंचता है और फिर तस्करी के जरिए भारत लाया जाता है। बताया जा रहा है कि नेपाल में इसे 80 रुपये प्रति किलो के आसपास खरीदकर भारत में 120 रुपये प्रति किलो तक बेचकर भारी मुनाफा कमाया जाता है।
इस कार्रवाई में SSB सीमा चौकी शीतलापुर से उपनिरीक्षक धनवीर सिंह रावत, आरक्षी प्रदीप कुमार सिंह, मोहम्मद सहिम अंसारी, चालक सत्यनारायण सहित अन्य जवान शामिल रहे, वहीं कस्टम टीम से अधीक्षक भगवान दास और मुख्य आरक्षी ओम प्रकाश सिंह यादव मौजूद रहे।
सीमा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही तस्करी पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सतर्कता बढ़ा दी गई है।