बेलहिया बॉर्डर पर रोड परमिट के नाम पर कथित वसूली, भारतीय चालक से ₹3500 की जगह ₹5000 लेने का आरोप

नेपाल भंसार में दलालों का बढ़ता दखल! पर्यटक बोले—लाइन में खड़े रहे, साइड से हो रहा काम

मनोज कुमार त्रिपाठी 

बेलहिया/सोनौली:

भारत-नेपाल सीमा के प्रमुख प्रवेश द्वार बेलहिया (सोनौली बॉर्डर) पर भारतीय पर्यटक वाहनों से रोड परमिट के नाम पर कथित अतिरिक्त वसूली और बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि नेपाल भंसार कार्यालय में निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूली जा रही है, जबकि दलालों के बढ़ते हस्तक्षेप से पर्यटकों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, वाराणसी से नेपाल जा रहे मिनी बस चालक आलोक ने आरोप लगाया कि उससे रोड परमिट के लिए निर्धारित लगभग ₹3500 के बजाय ₹5000 की रसीद काटी गई। चालक का कहना है कि जब उसने अतिरिक्त रकम देने से इनकार किया, तो उसकी गाड़ी को करीब तीन घंटे तक सीमा पर रोक कर रखा गया, जिससे वाहन में सवार यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी।

पीड़ित चालक के अनुसार, भंसार कार्यालय में मौजूद अधिकारियों ने कथित तौर पर कहा कि यदि पैसा नहीं दिया गया तो गाड़ी वापस भेज दी जाएगी। चालक ने यह भी दावा किया कि उसके साथ बदसलूकी की गई और बाद में मजबूरी में उसे आगे जाने की अनुमति मिली।

वहीं, सीमा पर मौजूद अन्य पर्यटकों और वाहन चालकों ने आरोप लगाया कि लंबी लाइन में इंतजार करने के बावजूद दलाल साइड से पहुंचकर अपना काम पहले करवा लेते हैं, जिससे आम यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ भंसार कर्मियों की दलालों से कथित मिलीभगत के कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

इस मामले में बेलहिया पुलिस चौकी प्रभारी हरिराम दांगी ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है। हालांकि, शिकायत सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और वाहन चालक निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *