बिजली संकट पर विधायक ऋषि त्रिपाठी सख्त

रात में नहीं कटेगी नौतनवां की बिजली

विधायक ऋषि त्रिपाठी ने अधिकारियों को चेताया, कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

नौतनवा महराजगंज! जनपद महराजगंज के कस्बा नौतनवां में लगातार सामने आ रही विद्युत समस्याओं को लेकर नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी ने बिजली विभाग के अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। विधायक आवास पर आयोजित बैठक में लो वोल्टेज, अघोषित विद्युत कटौती और उपभोक्ताओं के शोषण के मुद्दे पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।

बैठक में अधिशासी अभियंता प्रकाश नेगी, एसडीओ सतीश रावत, नौतनवां जेई मनीष गुप्ता तथा व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे। 

इस दौरान व्यापारियों ने नगर में हो रही बिजली कटौती और उपभोक्ताओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

विधायक ऋषि त्रिपाठी ने स्पष्ट कहा कि नौतनवां नगर की बिजली रात में किसी भी हालत में नहीं काटी जानी चाहिए। यदि रोस्टिंग आवश्यक है तो उसे दिन के समय किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी रात में भी आम जनता के फोन उठाएं और शिकायतों का त्वरित समाधान करें।

विधायक ने अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि “नौतनवा की जनता बिजली संकट से परेशान है। समस्याओं का समय रहते समाधान कराएं, हिलाहवाली बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिसे काम नहीं करना है, वह रिटायरमेंट ले ले।”

बैठक में नौतनवां नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, व्यापार मंडल अध्यक्ष संतोष जायसवाल, शुभम वर्मा, सुभाष जायसवाल, किशोर मद्धेशिया समेत बड़ी संख्या में व्यापारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

विधायक के सख्त तेवर के बाद अब नगरवासियों की निगाहें बिजली विभाग पर टिकी हैं कि आखिर बिजली व्यवस्था में कितना सुधार हो पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *