25 मई से नहरों में दौड़ेगा पानी, किसानों को मिलेगी राहत

नेपाल से जलापूर्ति की तैयारी पूरी, सिंचाई विभाग ने तेज की व्यवस्थाएं 

उमेश चन्द्र त्रिपाठी 

महराजगंज! खरीफ सीजन की तैयारी कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। महराजगंज जनपद के सिंचाई खंड प्रथम के जेई रंजीत कुमार ने बताया कि आगामी 25 मई 2026 को नेपाल से नहरों में पानी आने की प्रबल संभावना है। इसे लेकर विभागीय स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गई हैं, ताकि समय से किसानों तक सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी पहुंचाया जा सके।

उन्होंने बताया कि नहरों की साफ-सफाई, मरम्मत एवं जल प्रवाह व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि पानी आने के बाद किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और अंतिम छोर तक किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सके।

जेई रंजीत कुमार ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि नहरों में पानी छोड़े जाने के बाद उसका सदुपयोग करें तथा जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि समय पर पानी उपलब्ध होने से धान सहित अन्य फसलों की बुवाई में किसानों को काफी सहूलियत मिलेगी और कृषि उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है।

सिंचाई विभाग के अनुसार नेपाल से जलापूर्ति शुरू होने के बाद क्षेत्र की प्रमुख नहरों एवं वितरिकाओं में चरणबद्ध तरीके से पानी छोड़ा जाएगा। इससे लंबे समय से पानी की प्रतीक्षा कर रहे किसानों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान अब खेती की तैयारियों में जुट गए हैं और समय पर सिंचाई सुविधा मिलने की उम्मीद से खुश नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *