भैरहवा की सार्वजनिक सुनवाई में गरमाई बहस, मेयर इस्तियाक अहमद खान के घर आगजनी पर ‘जेन ज़ी आंदोलन’ को लेकर विवाद

“‘जेन ज़ी आंदोलन’ की घटना को RSP से जोड़ना गलत” — मेयर इस्तियाक अहमद खान के घर आगजनी मामले पर पार्टी ने जताई आपत्ति

मनोज कुमार त्रिपाठी 

भैरहवा: रूपन्देही के भैरहवा स्थित पटवा बैंक्वेट हॉल में नगर पालिका द्वारा आयोजित सार्वजनिक सुनवाई कार्यक्रम उस समय विवादों में घिर गया, जब मेयर इस्तियाक अहमद खान के घर आगजनी मामले को लेकर मंच से की गई टिप्पणी पर माहौल गरमा गया। कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर यह कहा गया कि मेयर के घर आगजनी की घटना में राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (RSP) के कार्यकर्ताओं की भूमिका रही थी, जिसके बाद बहस तेज हो गई।

इस टिप्पणी पर राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (RSP) के पदाधिकारियों और समर्थकों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। पार्टी से जुड़े लोगों का कहना है कि ‘जेन ज़ी आंदोलन’ के दौरान हुई घटनाओं को आधार बनाकर बिना किसी ठोस प्रमाण के किसी राजनीतिक दल को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। उनका आरोप है कि किसी व्यक्ति विशेष के बयान के आधार पर पूरे संगठन की छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है, जो नैतिक रूप से गलत है।

पार्टी पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि ‘जेन ज़ी आंदोलन’ के दौरान विभिन्न स्थानों पर तनाव और संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आई थीं, ऐसे में किसी एक घटना को सीधे राजनीतिक दल से जोड़कर पेश करना सही नहीं माना जा सकता। उन्होंने मांग की कि सार्वजनिक मंचों पर तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर ही बयान दिए जाएं, ताकि अनावश्यक विवाद और राजनीतिक तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।

वहीं, मामले को लेकर दोनों पक्षों से संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क स्थापित नहीं हो सका। ऐसे में घटना को लेकर अलग-अलग दावे और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *