नेपाल के रूपंदेही जिले में नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़, प्रिंटर-कंप्यूटर संग दो गिरफ्तार

जाली नोटों का हब बना भारतीय सीमा से सटे नेपाल का रूपंदेही जिला  

भारतीय समेत दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

मनोज कुमार त्रिपाठी 

भारतीय सीमा से सटे नेपाल के रूपन्देही जिले में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले कंप्यूटर, प्रिंटर, कैंची और छपाई के लिए तैयार तथा छपे हुए जाली नोट बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक भारतीय और एक नेपाली नागरिक शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, सिद्धार्थनगर नौगढ़ (उत्तर प्रदेश, भारत) निवासी 38 वर्षीय अब्दुल हामिद और लुम्बिनी सांस्कृतिक नगरपालिका-11, मसिना निवासी 22 वर्षीय अनिल पासी को हिरासत में लिया गया है। 

रूपन्देही जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी एवं डीएसपी कृष्ण कुमार चंद ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लुम्बिनी क्षेत्र में नकली नोटों का कारोबार संचालित किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर लुम्बिनी क्षेत्र पुलिस कार्यालय की टीम ने गुरुवार को छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने नकली नोट छापने में उपयोग किए जा रहे उपकरण और सामग्री बरामद की है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *