नकली नेपाली नोट छापने वाला गिरोह पकड़ा गया, प्रिंटर-कंप्यूटर सहित दो गिरफ्तार

लुम्बिनी में छापे के दौरान नकली नोट, CPU और प्रिंटर बरामद, भारत का एक आरोपी भी शामिल

मनोज कुमार त्रिपाठी 

नेपाल के रुपन्देही जिले के लुम्बिनी सांस्कृतिक नगरपालिका क्षेत्र में नकली नेपाली नोटों के कारोबार का खुलासा हुआ है। गोपनीय सूचना के आधार पर प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने इस अवैध गतिविधि में संलिप्त दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकली नोट छापने में इस्तेमाल किए जा रहे कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं।

इलाका प्रहरी कार्यालय लुम्बिनी से खटाई गई पुलिस टीम ने 2083/02/07 को कार्रवाई करते हुए भारत और नेपाल के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में भारत के सिद्धार्थनगर, नौगढ़, उत्तर प्रदेश निवासी 38 वर्षीय अब्दुल हमिद तथा रुपन्देही जिले के लुम्बिनी सांस्कृतिक नगरपालिका-11 मसिना निवासी 22 वर्षीय बिक्की उर्फ अनिल पासी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से नेपाली 500 दर के 30 नकली नोट बरामद हुए हैं, जिन सभी पर एक ही सीरियल नंबर “ड 25024912” अंकित है। इसके अलावा नेपाली 100, 500 और 1000 दर के ऐसे नोट भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें प्रिंट तो किया गया था लेकिन अभी कटिंग नहीं की गई थी।

छापेमारी के दौरान नकली नोट छापने में इस्तेमाल किया जा रहा CPU, प्रिंटर, मॉनिटर, चार रिम प्रिंट पेपर, दो मोबाइल फोन और एक कैची भी बरामद की गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि गिरोह का नेटवर्क सीमावर्ती क्षेत्रों तक फैला हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *