सत्यम मद्धेशिया
पीपीगंज में आगामी ईद-उल-अजहा और अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को थाना परिसर में शांति समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सभी से भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भड़काऊ पोस्टों पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें।
पुलिस प्रशासन ने प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करने तथा धार्मिक भावनाओं का सम्मान बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों से कुर्बानी से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट न करने को भी कहा गया।
बैठक में प्रशासन की ओर से स्पष्ट चेतावनी दी गई कि माहौल बिगाड़ने या अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल 112 या स्थानीय पुलिस को देने की अपील की गई।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति और भाईचारा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।