“15 दिन घर में कचरा रखना संभव नहीं” — नगर पालिका की व्यवस्था पर उठे सवाल
मनोज कुमार त्रिपाठी
भैरहवा नगर क्षेत्र में इन दिनों कचरा व्यवस्थापन को लेकर लोगों में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है। शहर के कई इलाकों में सड़क किनारे जमा गंदगी और उससे उठ रही बदबू ने स्थानीय नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि पहले नगर पालिका की ओर से नियमित रूप से कचरा उठान किया जाता था, लेकिन अब व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, नगर पालिका की नई व्यवस्था के तहत लोगों से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने को कहा गया है। बताया गया है कि एक दिन सूखा कचरा और दूसरे दिन गीला कचरा उठाने के लिए ट्रॉली भेजी जाएगी। लेकिन नागरिकों का कहना है कि कई दिनों तक घर में कचरा रखना संभव नहीं है, जिसके कारण लोग मजबूर होकर कचरा सड़क किनारे फेंक रहे हैं।
लोगों ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर गीला कचरा लंबे समय तक पड़ा रहने से पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। कुछ नागरिकों ने यह भी कहा कि नगर क्षेत्र के खाली स्थानों और भवनों के आसपास अस्थायी रूप से कचरा जमा किया जा रहा है, जिससे हालात और खराब हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों और मेयर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनकी ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। अब नागरिकों ने मांग की है कि नगर पालिका जल्द से जल्द प्रभावी कचरा व्यवस्थापन लागू करे और नियमित सफाई अभियान चलाकर शहर को गंदगी से राहत दिलाए।